
बीकानेर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान के प्रभारी सचिव चिरंजीव राव ने सोमवार को बीकानेर में शहर और देहात कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव नहीं करवाने और इन्हें कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूत है, इसी का परिणाम है कि लोकसभा चुनाव में राजस्थान में 11 सीटों पर कब्जा जमाने में कामयाब रही।
*भाजपा स्थानीय निकायों को कर रही कमजोर*
सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में चिरंजीव राव ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस संगठन हमेशा से मजबूत रहा है। भाजपा सरकार पंचायतों और निकायों में चुनाव नहीं करवाकर इन संस्थाओं को कमजोर कर रही है। सरकार प्रशासकों की नियुक्ति कर रही है, जिससे जनप्रतिनिधियों का अपमान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा में अच्छे प्रदर्शन के बाद पंचायत और निकाय चुनावों में भी बेहतरीन नतीजे देगी।
*कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर बोले- कांग्रेस पूरी तरह एकजुट*
प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर चिरंजीव राव ने स्पष्ट किया कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मीडिया की अटकलें हैं, कांग्रेस के अंदर कोई गुटबाजी नहीं है। संगठन के चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि हर जगह चुनाव कराए जा रहे हैं। यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष हाल ही में नियुक्त किए गए हैं और बाकी संगठनों के चुनाव भी तय समय पर होंगे।
*मणिशंकर अय्यर के बयान पर प्रतिक्रिया*
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के राजीव गांधी पर दिए बयान को लेकर चिरंजीव राव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मणिशंकर अय्यर अब उम्रदराज हो गए हैं और पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। अब वे कांग्रेस पर सवाल उठाकर खुद को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं।
*बीकानेर में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन का दावा*
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर बोलते हुए राव ने कहा कि कांग्रेस ने बीकानेर संभाग में बेहतर काम किया है। चूरू सीट पर पार्टी की जीत हुई, जबकि बीकानेर लोकसभा सीट पर महज 50 हजार वोटों के अंतर से हार हुई। उन्होंने कहा कि पिछले लंबे समय से कांग्रेस जनता के लिए अच्छा काम कर रही है और आगामी पंचायत व निकाय चुनावों में भी पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहेगा।राव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा इन संस्थाओं को कमजोर कर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और भाजपा की साजिशों को नाकाम करेगी।इस दौरान कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे भंवर सिंह भाटी, गोविंद राम मेघवाल,शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सिहाग सहित कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।