
बीकानेर: राजस्थान में वर्ष 2021 की एसआई भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले दोषी अधिकारियों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। बीकानेर रेंज आईजी ओम प्रकाश पासवान ने अब तक कुल छह एसआई को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। ताजा कार्रवाई में श्रीगंगानगर में पदस्थ चार सब-इंस्पेक्टर मनीष बेनीवाल, जयराज सिंह, अंकिता गोदारा और मनीषा सिहाग को सेवा से हटा दिया गया है। इससे पहले जयपुर जेल में बंद श्रवण कुमार गोदारा और मंजू बिश्नोई को भी बर्खास्त किया गया था।
*भर्ती घोटाले में दोषी पाए गए थे सभी एसआई*
वर्ष 2021 की एसआई भर्ती परीक्षा में हेराफेरी कर पुलिस सेवा में शामिल हुए इन अधिकारियों के खिलाफ जांच के दौरान पुख्ता सबूत मिले थे। इसके बाद, सेवा नियमों के तहत इन पर कार्रवाई करते हुए सीधे बर्खास्तगी के आदेश जारी किए गए।आईजी ओम प्रकाश पासवान ने बताया कि यह कार्रवाई सेवा से बर्खास्तगी नियम सीसीए 19 (2) के तहत की गई है। दोषी पाए गए एसआई को निलंबित करने के बजाय सीधे सेवा से हटाया गया है, ताकि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार को खत्म किया जा सके।
*एसओजी की जांच के बाद हुई बर्खास्तगी*
स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एसआई भर्ती परीक्षा घोटाले में इन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच में इन पर लगे आरोप सही पाए गए, जिसके बाद बर्खास्तगी का फैसला लिया गया।
*भविष्य में और होगी कार्रवाई!*
सूत्रों के मुताबिक, एसआई भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में कुछ और पुलिस अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है। बीकानेर रेंज आईजी की यह कार्रवाई प्रदेशभर में सुर्खियों में है।